शकुंतला नगर में सिपाही के मकान में चोरी के बाद खुली पड़ी अलमारी व बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : अमर उजाला
फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के शकुंतला नगर में चोरों ने गुरवार रात एक सिपाही के बंद मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे। चोरों ने कमरों के ताले तोड़कर उसमें रखी अलमारी का लॉक तोड़ दिया और उसमें रखे जेवर नगदी व सामान सहित करीब पांच लाख का माल चोरी कर ले गए।
घटना की जानकारी शुक्रवार की सुबह हुई जब लोगों ने गेट खुला देखा। जानकारी मोहल्ले में रहने वाले उनके बहनोई को दी। उन्होेंने इसकी सूचना परिजनों को दी। थाना पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। घटना की तहरीर दी गई है।
मोहल्ला शकुंतलानगर निवासी होम सिंह पुलिस में सिपाही है। इस समय उसकी तैनाती कानपुर नगर के बेकनगंज थाने में है। यहां उसकी पत्नी रुकमणी देवी अपने बच्चों के साथ रहती है। चौबिया थाना क्षेत्र के गांव नगला मुन्नी में रहने वाले होम सिंह के भाई विनोद भागवत करा रहे है।
इस कारण से रुकमणी देवी घर में ताला डालकर अपने बच्चों के साथ गुरुवार को गांव चली गई थी। रात के समय चोरों ने मकान में मुख्य गेट के ताले तोड़ दिए। पड़ोस में रहने वाले लोगों को चोरों की भनक नहीं लग सकी। सुबह लोगों ने उनके मकान के गेट खुले देखे ।
इसकी जानकारी उनके बहनोई विनायक सिंह को दी। रुकमणी देवी ने बताया कि अलमारी में करीब एक लाख रुपये नगद व करीब चार लाख के जेवरात रखे थे जिसे चोर चोरी कर ले गए। चोर कंप्यूटर, इनवर्टर व दो गैस सिलेंडर भी ले गए। चोरी इस वारदात से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस चोरो ंके बारे में सुराग लगा रही है।