वैदपुरा पुलिस ने गांव बरौली में छापा मारकर अवैध रूप से असलहे बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। असलहा बना रहे एक युवक को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस को उसके पास से भारी मात्रा में असलहे और उपकरण बरामद हुए है। आरोपी को जेल भेज दिया है।
रविवार को पुलिस लाइन में एसएसपी वैभव कृष्ण ने मामले का खुलासा किया। बताया कि एसओ वैदपुरा सत्येंद्र सिंह यादव फोर्स के साथ गश्त पर थे। उन्हें मुखबिर ने सूचना दी कि गांव बरौली में एक व्यक्ति अपने खेत पर झोपड़ी में असलहे बनाता है। इस पर पुलिस ने वहां की घेराबंदी कर ली। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा तो उसे दबोच लिया। झोपड़ी में काफी संख्या में बने और अधबने असलहे बरामद हुए। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मान सिंह पुत्र राम नाथ कहार निवासी बिरौली बताया। उसके पास से दो तमंचे 12 बोर, दो तमंचे 32 बोर, एक अधिया देसी 12 बोर, एक तमंचा 315 बोर, एक अधबना तमंचा 315 बोर, चार लोहे की नाल, कारतूस के अलावा असलहे बनाने वाले उपकरण और दो बाइकें बरामद हुई हैं। मान सिंह ने बताया कि वह असलहे इटावा व आसपास के जिलों में बेचता है। इस दौरान एएसपी जितेंद्र श्रीवास्तव व सीओ सैफई अंजनी कुमार चतुर्वेदी भी मौजूद रहे।