जसवंतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाइवे पर स्थित पंजाबी ढाबा पर शनिवार की देर रात पुलिस ने छापा मारा। तलाशी के दौरान पुलिस टीम को वहां से भारी मात्रा में अफीम का बोडी पाउडर सहित हरियाणा की देशी व अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने ढाबा मालिक को गिरफ्तार कर लिया। हाइवे किनारे अधिकांश ढाबों पर ट्रक चालकों को मादक पदार्थ मुहैया कराने की सूचना पुलिस को मिल रही थी। मुखबिर की सूचना पर शनिवार को एसएसपी मंजिल सैनी के निर्देश पर जसवंतनगर प्रभारी थानाध्यक्ष हरपाल सिंह ने फोर्स के साथ जसवंतनगर क्षेत्र में हाइवे किनारे पंजाबी ढाबा पर छापा मारा।
वहां 12.5 किलोग्राम अफीम का बोडी पाउडर और हरियाणा मार्का 48 पौव्वा अंग्रेजी शराब व 47 पौव्वा देशी शराब बरामद हुई। पुलिस टीम ने ढाबा मालिक सुरजीत पुत्र प्रमोद कुमार यादव निवासी नगला आशा थाना जसवंतनगर को गिरफ्तार कर लिया।
मादक पदार्थ बरामद होने की सूचना मिलने के बाद एसएसपी मंजिल सैनी भी मौके पर पहुंची। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक को निर्देश दिए कि वह अपने क्षेत्र के सभी ढाबा मालिकों की एक गोष्ठी कर सबको समझा दें। पकड़े जाने पर संबंधितों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।