व्यासपुर गांव में बुधवार की देर रात जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अशोक दुबे के घर से चोरों ने छह लाख के जेवर-नगदी पर हाथ साफ कर दिया। रात को सोए परिवार ने सुबह नींद खुलने पर गृहस्थी का सामान बिखरा पड़ा देखा तो होश उड़ गए। पुलिस ने वारदात में करीबियों का हाथ होने की आशंका जताई है।
बकेवर थाने व्यासपुर गांव निवासी जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अशोक दुबे पुत्र पदम नारायण दुबे के घर में निर्माण कार्य चल रहा था। इसके चलते अशोक दुबे और पत्नी मुन्नी देवी मकान के बाहरी हिस्से में एक कमरे में सो गए।
दूसरे कमरे में पुत्र अभिषेक और पत्नी रजनी सोए थे। अंदर के कमरे में अशोक दुबे और पुत्र की अलमारी रखी थी। मकान के पिछवाडे़ से चोर इसी कमरे में दाखिल हुए। उन्होंने लॉक तोड़कर पुत्रवधू की अलमारी से डेढ़ लाख रुपये, सोने की 11 अंगूठियां, सोने की चार चूड़ियां, सोने की जंजीर, दो जोड़ी पायलें तथा एक किलो के करीब चांदी के बर्तन, चांदी के 20 सिक्के आदि समेट लिए। सुबह करीब 6 बजे रजनी चाय बनाने के लिए जागी तो कमरे में जाते ही सामान बिखरा देख चिल्लाई। घरवालों ने इसकी सूचना यूपी 100 पुलिस को दी। अधिवक्ता अशोक दुबे ने घटना की तहरीर थाने में दी।
कोतवाल का कहना है वारदात को अंजाम देने वाला जानकार लग रहा है। क्योंकि किसी को नहीं पता था कि आखिर कौन किस कमरे में लेटा है। वारदात के वक्त परिवार के लोग घर में मौजूद थे। ऐेसे में साफ है कि वारदात करने वाले को सब कुछ जानकारी थी।