रिंकू की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बसरेहर। चौबिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार शाम को पट्टे की जमीन पर कब्जे के विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को उठाने का प्रयास किया तो लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने उन्हें किसी तरह शांत कराया।
क्षेत्र के गांव बलपुरा मौजा सरसईहेलू में ग्राम समाज की जमीन पर रिंकू व उसके भाई कब्जा किए थे। लोगों ने इसकी शिकायत एसडीएम के यहां की। इस पर एसडीएम ने दो दिन पूर्व मौके पर जाकर पैमाइश कराई और गांव के 18 लोगों को पट्टे दे दिए। इसका विरोध रिंकू व उसके भाइयों ने किया था।
जिस पर पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया था। एक पट्टा गांव के ही रिंकू(25) पुत्र अकबर सिंह को भी मिला था। लेकिन वह अपने भाइयों के साथ मिलकर पड़ोस में रहने वाले लोगों को कब्जा नहीं करने दे रहा था। बुधवार शाम को गांव के लोग अपने प्लाट पर कब्जा करने के लिए गए तो रिंकू व उसके भाइयों से विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ा कि दूसरे पक्ष के लोगों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक गोली रिंकू के सिर में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर भाग गए। एसओ चौबिया इंद्र पाल सरोज के अलावा एसओ बसरेहर रमाकांत दुबे मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और हमलावरों को तलाश किया।
उधर मृतक के परिजनों ने शव नहीं उठने दिया। उनका आरोप है कि उनके साथ गलत हुआ है। एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि जमीन के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।