स्कूल से घर जा रहे छात्र का बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। बदमाश छात्र को बाइक पर बैठाकर भाग निकले। छात्र घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने खोजबीन। उसकी साइकिल पुलिया के पास पड़ी मिली। भाई की तहरीर पर पुलिस ने दो बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस छात्र की तलाश कर रही है।
सैफई थाना क्षेत्र के गांव बरौली कला के मान सिंह का 13 वर्षीय बेटा प्रशांत गांव बघुइया स्थित कालेज में कक्षा सात का छात्र है। बुधवार को वह साइकिल से कालेज गया था। दोपहर में छुट्टी के बाद घर आ रहा था। बहादुरपुर के पास स्थित पुलिया के पास बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया और पकड़ कर बाइक पर बैठा कर भाग निकले। उसकी साइकिल वहीं पर गिर गई। जब प्रशांत घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई।
भाई हिमांशु और परिजन ढूंढने के लिए निकले तो पुलिया के पास उसकी साइकिल पड़ी मिली। परिजनों ने काफी खोजबीन की तो जानकारी मिली कि दो बाइक सवार बीच में एक बालक को बैठाकर ले जाते देखे गए। इस पर परिजनों को छात्र के अपहरण की आशंका हुई। परिजनों ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। दिनदहाड़े अपहरण की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसओ सैफई गोपाल सिंह यादव फोर्स के मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
उन्होंने भी छात्र को तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। दिनदहाड़े अपहरण की जानकारी एसओ ने आला अफसरों को दी। एसएसपी ने छात्र का सुराग लगाने के लिए क्राइम ब्रांच की टीम लगा दी है। एसओ गोपाल सिंह यादव ने बताया कि प्रशांत के भाई हिमांशु की तहरीर पर दो बाइक सवारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस छात्र के बारे में जानकारी करने में जुटी है।