चौबिया थाना पुलिस तथा क्राइम ब्रांच की टीम ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर कर्री के पास एक मुठभेड़ के बाद अंतर्राज्यीय वाहन लुटेरे गैंग के छह लुटेरों को दबोच लिया।
इनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया ट्रैक्टर, कार तीन बाइकें बरामद की हैं। तलाशी में लुटेरों के पास से भारी मात्रा में असलहा भी बरामद हुआ। मुठभेड़ के दौरान लुटेरों के दो साथी भागने में सफल रहे। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस लाइन में पत्रकारों के सामने पकडे़ लुटेरों को पेश करते हुए एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि जनपद में बढ़ रही वारदातों को देखते हुए अपराधियों की धर-पकड़ के लिए क्राइम ब्रांच की टीम को लगाया गया था।
क्राइम ब्रांच प्रभारी डीके सिसोदिया अपनी टीम के साथ अपराधियों की तलाश में थे तभी मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ लुटेरे एक मारुति वैन में सवार होकर कर्री से चौबिया की ओर आ रहे हैं। इस पर उन्होंने एसओ चौबिया जेपी पाल के साथ उक्त स्थान की घेराबंदी कर ली।
पुलिस ने जब मारुति में सवार लुटेरों को रुकने का इशारा किया तो पुलिस को देख बदमाशों नें फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने बल का प्रयोग कर कार में सवार लुटेरों को धर दबोचा।
पकड़े गए युवकों ने अपने नाम महताब सिंह उर्फ श्यामबाबू पुत्र व्रंदा सिंह निवासी चतुरीपुर थाना किशनी मैनपुरी, दशरथ उर्फ प्रहलाद पुत्र जादौं निवासीनगला हिम्मत थाना चौबिया, अनुज यादव उर्फ देवा पुत्र सूबे सिंह निवासी सहसों, सीलू सिंह पुत्र अजय प्रताप निवासी बहादुरपुर थाना एरवाकटरा औरेया, दीपक कुमार पुत्र विनोद कुमार निवासी भाऊपुरा थाना ऊसराहार, विपिन गुप्ता पुत्र रामप्रकाश निवासी टेहनी किशनी रोड बिधूना औरेया बताया।
एसएसपी ने बताया पकड़े गए लुटेरों के पास से एक ट्रैक्टर, एक इंडिका कार मारुति वैन, तीन बाइक, एक देशी रायफल, चार तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि एनके दो साथी भूरा तथा रैनू भाग जाने में सफल रहे। रैनू गैंग का सरगना है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। एसएसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये इनाम की घोषणा की।