गुरुवार को अपराधी पकड़ने के लिए गई क्राइम ब्रांच की टीम पर अपराधियाें ने हमला बोल दिया था। फायरिंग से पुलिस कर्मी बाल-बाल बचे। क्राइम ब्रांच प्रभारी ने तीन को नामजद करते हुए सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
क्राइम ब्रांच के प्रभारी डीके सिसौदिया अपनी टीम के साथ गुरुवार को भदामई गांव में शातिर अपराधी छोटे पुत्र भूरे सिंह को पकड़ने के लिए गई थी। जैसे ही पुलिस पहुंची वैसे ही छोटे ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में पुलिस के जवान बाल-बाल बच गए थे।
बाद में आरोपी क्राइम ब्रांच के एक सिपाही की बाइक लेकर फरार हो गए। क्राइम ब्रांच के प्रभारी डीके सिसोदिया ने छोटे पुत्र भूरे सिंह सहित सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जान से मारने की नीयत से फायर करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
थानाध्यक्ष चौबिया भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर अपराधियों की खोजबीन शुरू कर दी है। गौरतलब है कि कल सीओ भरथना ने पथराव तथा फायरिंग की घटना से इंकार किया था।
कथित मामा पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई
इटावा। इकदिल थाना क्षेत्र के मोहल्ला अशोक नगर में हुई सीमा की हत्या के मामले में उसके कथित मामा हरीशंकर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मृतका की मां जानकी देवी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। तलाश में एक टीम गुजरात भेजी गई है।
बांदा की रहने वाली सीमा का शव पुलिस ने अशोक नगर में एक घर से बरामद किया था। वह वहां किराए पर रह रही थी। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी सीमा के परिजनों को दी। इसके बाद सीमा के परिजन बांदा से यहां पहुंचे।
मोहल्ले के लोगों ने बताया था कि सीमा अपने कथित मामा हरीशंकर के साथ रहती थी। 4 जून को हरीशंकर घर का ताला बंद कर कहीं चला गया। सीमा के परिजनों ने उसी पर हत्या का संदेह जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मृतका की मां ने बताया कि सीमा ने रिश्ते में लगने वाले जीजा राम कुमार के साथ घर से भागकर गुजरात में कोर्ट मैरिज कर ली थी। घर से भाग जाने के बाद से परिजनों ने उससे रिश्ता तोड़ लिया था। एक साल उसके साथ रहने के बाद अलग हो गई।
उसके बाद सीमा रिश्ते में मामा लगने वाले हरी शंकर के साथ रहने लगी। हरी शंकर उसे इटावा लेकर आया और यहीं किराए पर कमरा दिला दिया। हरीशंकर भी अहमदाबाद में नौकरी करता है। वह सीमा के पास आकर रहता था।
मामले की जांच कर रहे मंडी चौकी प्रभारी अजहर खां ने बताया कि जानकारी मिली है कि कुछ दिन पूर्व हरीशंकर ने सीमा को अंगूठी पहनाकर उससे शादी करने की बात की थी। लेकिन बाद में न जाने क्या बात हो गई कि सीमा की हत्या हो गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच-पड़ताल कर रही है। यह भी बताया कि मां की तहरीर पर हरीशंकर पुत्र बूंदीलाल निवासी भरथौला जिला चित्रकूट के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर ली गई है। हरीशंकर की तलाश में एक टीम गुजरात भी भेजी गई है।