जनपद में लुटेरों का आतंक पुलिस खत्म नहीं कर पा रही है। शुक्रवार को सपा नेताओं से लूट की वारदात अभी पहेली बनी ही थी कि रविवार को जाइलो सवार बदमाशों ने इटावा में ईंट खरीदने आ रहे ससुर-दामाद को बंधक बनाने के बाद उनका ट्रैक्टर और 22 हजार रुपये नकद लूट लिए।
दोनों बंधकों को बदमाश बसरेहर क्षेत्र में फेंक कर भाग गए। सुबह शौंच क्रिया को वहां से गुजरे ग्रामीणों ने दोनों को आजाद किया तो वारदात की जानकारी हुई। बदमाशों को शिकार एक व्यक्ति ने खुद को सीएम का रिश्तेदार बताया है।
कानपुर देहात के डिभारी रसूलाबाद निवासी कल्लू यादव पुत्र जागेश्वर यादव अपने दामाद रामबहादुर निवासी मिर्जापुर सौरिख कन्नौज के साथ ट्रैक्टर से ईंट लेने के लिए इटावा आ रहे थे।
रविवार की सुबह करीब छह बजे वह दोनों ट्रैक्टर से इकदिल क्षेत्र के इटावा-भरथना रोड पर गैस प्लांट के पास पहुंचे ही थे कि नीले रंग की जाइलो सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। हथियारों से लैस गाड़ी से उतरे बदमाशों ने दोनों को बंधक बनाकर जाइलों में डाल लिया। एक बदमाश ट्रैक्टर लेकर निकल गया।
बाकी बदमाश जाइलो में बैठ गए। अंदर दोनों से 22 हजार रुपये की नकदी लूट ली। काफी देर तक इधर-उधर घुमाने के बाद दोनों को बसरेहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अकबरपुर गांव के पास फेंककर भाग गए। सुबह शौचक्रिया को निकले ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी तो उन्हें बंधन मुक्त किया।
ग्रामीणों की मदद से दोनों ने सूचना पुलिस को दी। कल्लू ने बताया कि वह ईंट लेने जा रहा था कि गैस प्लांट के पास बदमाशों ने रोक लिया। कल्लू ने खुद को मुख्यमंत्री के फूफा का रिश्तेदार बताया तो पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया। एसएसपी डॉ. राकेश सिंह ने लूट की वारदात को स्वीकार करते हुए कहा कि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। एक नया गैंग है जो लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे रहा है।