भरथना-बिधूना मार्ग पर छोला मंदिर के पास एक घर में विधवा महिला संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगा भरथना-बिधूना मार्ग पर जाम लगा दिया। एसडीएम भरथना और सीओ ने बमुश्किल परिजनों को समझाया।
स्व संदीप कुमार मूल निवासी उजारपुर थाना बिधूना औरैया की पत्नी मंजू देवी (30) छोला मंदिर के समीप भरथना में सास-ससुर के साथ रहती थी। मंजू के पति की दो वर्ष पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। शनिवार को मंजू का शव उसके घर के ऊपरी मंजिल पर कमरे की चौखट में धोती के फंदे से लटका मिला। महिला के पैर जमीन को छू रहे थे। मोहल्लेवासियों ने घटना की सूचना पुलिस और परिजनाें को दी। मृतका के भाई मनोज कुमार और चाचा राम प्रकाश ने बताया कि उसका 3 वर्षीय पुत्र लव भी गायब था। ससुराल वाले मौके से फरार हो गए। आक्रोशित परिजनों ने भरथना-बिधूना मार्ग पर बैरीकेडिंग लगा जाम लगा दिया। परिजनों ने बालक को वापस कराने और अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर पहुंचे एसडीएम भरथना गोरेलाल शुक्ल, सीओ भरथना शिवराज सिंह, थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने परिजनों को समझाया, तब जाकर जाम खुला। करीब दो घंटे तक लोगों को जाम से जूझना पड़ा।