फायरिंग में क्षतिग्रस्त हुई बसरेहर पुलिस की सरकारी जीप।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पुराना जिला अस्पताल के पास डीसीएम में मवेशी लादकर जा रहे पशु तश्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। गोली जीप में लगी, जिसमें चालक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने घेराबंदी कर एक पशु तश्कर को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसके छह साथी फरार हो गए। चार मवेशियों सहित डीसीएम को कब्जे में लिया गया है।
बसरेहर थाने में तैनात उपनिरीक्षक होरीलाल की ड्यूटी इटावा में गाड़ीपुरा मोहल्ले में हुए विवाद के बाद लगाई गई थी। वह कोतवाली चौराहे के पास फोर्स के साथ खडे़ थे। इसी दौरान एक डीसीएम आई। पुलिस ने शक होने पर गाड़ी रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार पशु तश्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली पुलिस की जीप में लगी। इसमें चालक अशोक कुमार बाल-बाल बच गया। पुलिस ने घेराबंदी कर डीसीएम और उसमें लदी मवेशियों को कब्जे में ले लिया। एक तश्कर को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पकड़े गए तश्कर ने अपना नाम नूर मोहम्मद पुत्र सर्फुद्दीन निवासी नगरई जिला कासगंज बताया। एसआई होरीलाल की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मवेशियों को गोशाला के सुपुर्द कर दिया गया।