लुटेरों के पास से बरामद सामान व असलाह।
बकेवर थाना पु़लिस ने हाईवे व एटीएम के आसपास लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले लुटेरे गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। गैंग का सरगना पूर्व प्रधान निकला। पुलिस ने उससे लूटा गया सामान, तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं। दोनों लुटेरों ने इटावा, औरैया, जालौन कन्नौज में लूट की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने इन्हें जेल भेज दिया।
पुलिस कार्यालय में लुटेरों को पेश करते हुए एएसपी राम किशन यादव ने बताया कि लूट की बढ़ती वारदातों को देखते हुए पुलिस ने अभियान चलाया था। मुखबिर की सूचना पर एसओ बकेवर भोलू सिंह भाटी ने हमराह फोर्स के साथ लखना नहर पुल के पास वाहन चेकिंग शुरू की। इन्हें एक बाइक से दो लोग आते दिखाई दिए। रुकने का इशारा करने पर यह बाइक भगाने लगे। पुलिस ने इन्हें दबोच लिया। तलाशी में इनके पास से तमंचा, कारतूस पास बुक, नगदी अंगूठी व सोने की चेन बरामद हुई। इन्हाेंने अपने नाम हेतराम पुत्र रामलखन व लखन पुत्र रामाधार निवासी गहेसर थाना दिबियापुर औरैया बताए।
एसएसपी ने बताया कि इस गैंग का मुख्य सरगना हेतराम है। वह अपने गांव का प्रधान भी रहा है। वह दिबियापुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। दोनों पर अलग- अलग थानों में आठ -आठ मामले दर्ज हैं। लुटेरों को पकड़ने वाली टीम को एसएसपी ने पांच हजार रुपये ईनाम देने की घोषणा की। प्रेस वार्ता में सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह राठौर भी मौजूद रहे।
लूट की कई वारदातें स्वीकार कीं
एएसपी ने बताया कि पकडे़ गए लुटेरों ने माधौगढ़ जालौन से 40 हजार की लूट की थी। जालौन में गल्ला मंडी के पास से 15 हजार रु पये लूटे थे। झींझक के पास से दस हजार रुपये की लूट की थी। तिर्वा के पास से 40 हजार रुपये की लूटे थे। लखना कस्बा से एक वृद्घ से चार हजार रुपये व पासबुक लूट ली थी।