बकेवर। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान हाईवे पर वैन सवार पांच लुटेरों को दबोच लिया। इन लुटेरों ने एक अधिवक्ता से लूट की थी। पुलिस ने इन लुटेरों के पास से दो तमंचे व कारतूस भी बरामद हुए हैं। वैन में आगे अलग नंबर लिखा था और पीछे दूसरा नंबर लिखा था। थानाध्यक्ष बकेवर आलोक राय ने बताया कि उपनिरीक्षक बृजेंद्र कुमार व नेम सिंह पुलिस टीम के साथ बुधवार रात हाईवे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिली कि भरथना चौराहे हाईवे ब्रिज के करीब कुछ संदिग्ध लोग वैन में बैठकर लूट की साजिश बना रहे हैं। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर पहुंचकर वैन को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद लुटेरों को दबोच लिया। आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम रविंद्र कुमार पुत्र बृम्हानंद, राजीव कुमार पुत्र सुरेश चंद्र निवासी नगला अर्जुन थाना जसवंतनगर, चंद्रशेखर पुत्र हरीबाबू निवासी देवीपुरा जसवंतनगर के अलावा अवधेश कुमार पुत्र रामगोपाल निवासी ललूपुरा थाना कोतवाली मैनपुरी, ऋषिचंद्र पुत्र श्रीनारायण निवासी कैस्त थाना जसवंतनगर बताया। उनके पास से दो तमंचे के अलावा दो कारतूस, ग्लास कटर, दो मास्टर चाबी भी बरामद की गई। वैन में आगे यूपी 75 टी 7072 व पीछे यूपी 75पी 2451 नंबर की प्लेट ली थी। लुटेरों के पास से पांच मोबाइल, एक पीली धातु की चेन व 1199 रुपये भी बरामद किए गए। थानाध्यक्ष आलोक राय ने बताया कि इन आरोपियों ने 12 दिसंबर की रात 8 बजे लखना कस्बे के कालिका देवी मोहाल निवासी अधिवक्ता शिवम पोरवाल पुत्र विनोद पोरवाल के साथ लूट की थी। इसका खुलासा आरोपियों ने खुद किया है। वकील से मोबाइल व सोने की चेन के अलावा सात हजार रुपये लूटे थे। पुलिस ने अधिवक्ता से लूटा गया मोबाइल व पीली धातु की चेन भी बरामद की है। उनको गिरफ्तार करने वाली टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पांच हजार का इनाम दिया है।