आग लगने के बाद दुकान में जला पड़ा सामान।
- फोटो : amar ujala
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामगंज में स्थित एक फर्नीचर की दुकान में अचानक आग लग गई। दमकल विभाग की टीम ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा करीब चार लाख रुपये कीमत का फर्नीचर जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण नए साल के जश्न में किसी के द्वारा चलाई गई आतिशबाजी बताई गई है।
मोहल्ला रामगंज में रहने वाले समशुल उमर पुत्र मोहम्मद शाकिर की घर के सामने चांद फर्नीचर के नाम से दुकान है। सोमवार की शाम को वह दुकान बंद कर घर चले गए। तभी रात करीब साढ़े बारह बजे अचानक उनकी दुकान में आग लग गई। दुकान से आग लपटें उठती देख पड़ोस के लोगों ने इसकी जानकारी दुकानदार समशुल को दी। जानकारी होने पर वह तुरंत मौके पर पहुंचे और मोहल्ले के लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। लेकिन, आग बढ़ती जा रही थी इस पर उन्होंने दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी। आग लगने की सूचना मिले पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।
दमकल विभाग की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दुकान में रखा करीब चार लाख का सामान आग की भेंट चढ़ गया। समशुल ने बताया कि उन्होंने दो दिन पूर्व दिल्ली से सामान मंगाया था वह भी जलकर राख हो गया। उन्होंने बताया कि ऐसा लग रहा कि किसी ने नववर्ष के जश्न में आतिशबाजी चलाई जिसकी चिंगारी किसी तरह से उनकी दुकान में गिरी और आग लग गई। आग लगने से उनका करीब चार लाख का नुकसान हुआ है।