एक्सप्रेस वे के टिमरुआ गांव के पास डिवाइडर से अनियंत्रित कार टकरा गई। हादसे में दूल्हा-दुल्हन सहित पांच लोग घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलने पर यूपीडा के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उन्हें पीजीआई भिजवाया। बताते हैं, हादसा चालक को झपकी आने से हुआ।
उन्नाव जिले के थाना बांगरमऊ के मोहल्ला मोउद्दीनपुर निवासी रिजवान अहमद पुत्र फरमान अली की गुरुवार को हरियाणा के फरीदाबाद में शादी थी। गुरुवार को शादी के बाद वह पत्नी गुड़िया की विदा कराकर वापस घर के लिए निकले। कार में दूल्हा रिजवान अहमद, दुल्हन गुड़िया परिवार की चांद पत्नी मोहम्मद अहमद के अलावा एक अन्य रिश्तेदार सवार थे। चालक सलमान कार चला रहा था। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे कार जब सैफई थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेस वे पर टिमरुआ के पास पहुंची तभी अचानक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलने पर यूपीडा की एबुलेंस व कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सभी को पीजीआई में भर्ती कराया। जानकारी मिलने पर पेट्रोलियम टीम के ओम शरण यादव राम बहादुर सुनील कुुमार व रविंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और रोड पर खड़ी कार को हटवाकर रास्ता साफ कराया। बताया जा रहा है कि चालक को झपकी आने के कारण हादसा हुआ है।