सिविल लाइन थाने के बाहर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए खडे़ नवविवाहिता के परिजन। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांव नगला उदई में नवविवाहिता को उसके ससुरालीजन मारपीट के बाद उसे मायके में डाल गए। नवविवाहिता ने इंदौर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सोमवार को नवविवाहिता के पिता व अन्य परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए दामाद सहित चार लोगों खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्षेत्र के गांव नगला उदई निवासी सियाराम पुत्र हरदयाल सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसने पुत्री उमाकांती उर्फ मालादेवी की शादी 28 फरवरी 2017 को फिरोजाबाद जिले के जसराना थाना क्षेत्र के गांव जाजूमई निवासी जगदीश सिंह पुत्र गंभीर सिंह के साथ की थी। शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज के लिए उमाकांती को परेशान करते थे।
वे चार लाख रुपये व कार की मांग कर रहे थे। कई बार समझाने के बाद भी कुछ नहीं हुआ। 18 दिसंबर को ससुराल वाले कार से उमाकांती को मरणासन्न हालत में घर के बाहर डालकर गए। उन लोगों ने उसे देखा तो उसकी हालत काफी खराब थी। वे उमाकांती को इंदौर ले गए, जहां उपचार के दौरान 22 दिसंबर को उसकी मौत हो गई। बाद में वे लोग शव को गांव ले आए। सोमवार को वे शव को लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने उमाकांति के पति जगदीश, ससुरा गंभीर सिंह, सास कमलादेवी व ननद सीमा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।