आजमगढ़। सगड़ी तहसील के श्रीनगर (सियरहा) गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को जिलाधिकारी दरबार में गुहार लगाई। ग्रामीणों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर पोखरे और भीटे की जमीन को अपने नाम कराने और उस पर कब्जा करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से उक्त प्रकरण की जांच कराकर दोषियों के विरुद्घ कार्रवाई किए जाने की मांग की।
गांव निवासी राजकुमार राय के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि उनके गांव में गाटा संख्या 765क, ख, ग, गाटा संख्या 766 क, ख, ग और गाटा संख्या 767 क, ख, ग ग्राम के पोखरा और भीटा खाते की भूमि हैं। पोखरे में पक्की सीढ़ियां भी बनी हुई है जहां गांव की महिलाएं धार्मिक कार्य करती हैं। इस भूमि पर ही सती माई का स्थान भी है। उक्त भूमि पर गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा अपना नाम दर्ज कराकर कब्जा कर लिया गया है। जिसे लेकर उन लोगों ने पहले भी शिकायत की थी लेकिन अब तक इसकी जांच नहीं कराई गई। जिसके कारण आज उन्हें दोबारा यहां आना पड़ा। उनकी बातों को सुनने के बाद जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने तत्काल इसकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी को राजेश राय, रत्नेश राय, सुनील कुमार, आरसी राय, मुरली राजभर, हरि प्रसाद राय, दिनेश राय रामनयन राय आदि के हस्ताक्षर सहित पत्रक भी जिलाधिकारी को सौंपा।