थाना क्षेत्र के ग्राम बाहरपुरा स्थित शराब ठेके पर सो रहे गद्दीदार को बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश गोलक में रखे 38 हजार रुपये व पांच पेटी देसी शराब लूटकर फरार हो गए। गद्दीदार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सोमवार देर रात दो बजे की है। अभी मामला दर्ज नहीं हुआ है। भरथना थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
नगला मुलू थाना भरथना निवासी नरेंद्र सिंह पुत्र झाऊलाल ने बताया कि बाहरपुरा नेविलगंज मार्ग पर उसकी देसी शराब की दुकान है। दुकान पत्नी कुसुमा यादव के नाम आवंटित है। सोमवार की रात को दुकान पर गद्दीदार दुकान सो रहा था। तभी रात करीब 2 बजे उसकी दुकान के बगल में स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान का छह बदमाश ताला तोड़ने लगे। खटपट की आवाज आने पर उसकी दुकान पर सो रहे गद्दीदार तेज सिंह ने बदमाशों को बाहर आकर टोक दिया। उसके टोके जाने पर बदमाशों ने उसके ऊपर फायर कर दिया। गोली तेज सिंह के हाथ में लगी। इसके बाद बदमाश उसकी दुकान में घुस गए और गोलक में रखे 38 हजार रुपये व पांच पेटी देसी शराब व मोबाइल भी लूट ले गए। बदमाशों के जाने के बाद तेज सिंह ने इसकी जानकारी उसके मैनेजर देवी सिंह को दी। सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे और यूपी 100 को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल तेज सिंह को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई जहां से उसे जिला अस्पताल भेजा गया गया है। घटना की तहरीर दे दी गई है। लेकिन अभी मामला दर्ज नहीं हुआ है।