पुलिस गिरफ्त में आए तस्करों की जानकारी देते थानाध्यक्ष आलोक राय।
- फोटो : amarujala
बकेवर (इटावा)। इटावा-कानपुर हाईवे पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने मवेशी तस्करों के बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने स्विफ्ट कार सवार सात लोगों को असलहों समेत दबोच लिया। जबकि एक युवक फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से कंटेनर में लदे 25 गोवंश, तमंचा, कारतूस, चाकू, बांका, बीस हजार रुपये, छह मोबाइल बरामद किए। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया। प्रतिबंधित पशु बिहार के रास्ते कोलकाता ले जाए जा रहे थे।
बकेवर थानाध्यक्ष आलोक राय रविवार की सुबह करीब सात बजे हाईवे पर भरथना बाईपास ब्रिज के नीचे वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। साथ में कस्बा चौकी इंचार्ज बिजेंद्र शर्मा व अहेरीपुर चौकी इंचार्ज संतोष कुमार भी थे। इस दौरान प्रतिबंधित मवेशियों से लदे ट्रक गुजरने की सूचना मिला। ट्रक के साथ एक मारुति स्विफ्ट कार होने की भी जानकारी दी गई।
सटीक सूचना पर पुलिस ने घेरेबंदी कर दी। कुछ देर बाद पुलिस ने मौके से गुजर रहे एक कंटेनर को रुकवाने का प्रयास किया। कंटेनर चालक के भागने के प्रयास में पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। कंटेनर में प्रतिबंधित पशु लदे थे। पीछे आ रही कार को पकड़ लिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद मवेशी बिहार व झारखंड के रास्ते कोलकाता ले जाए जा रहे थे।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मोहम्मद सलीम निवासी सराय मीर खैरात अली शिकोहाबाद फिरोजाबाद, मुशीर कुरैशी निवासी हाफिजनगर बकेवर, मोहम्मद मकसूद खान मंसूरी उर्फ लला निवासी मोहल्ला दबगरां इटावा, दिलशाद निवासी नगरीया थाना अछल्दा, औरैया, प्रभाकर पांडेय निवासी रेवड़ी थाना नवाबगंज प्रतापगढ़, कप्तान निवासी अंबेडकर नगर बकेवर, नीरज प्रजापति निवासी मोहना थाना जोहरा जिला मुरैना मध्यप्रदेश बताए। उनका एक साथी अकरम निवासी मलाका जिला इलाहाबाद भाग गया। पुलिस ने पशुओं का मेडिकल कराकर औरैया स्थित सहार की गो शाला के सुपुर्द किया।