इकदिल पुलिस की गिरफ्त में लूट के मामलों में शामिल अभियुक्त रिंकू
- फोटो : अमर उजाला
इकदिल थाना पुलिस ने गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर फूफई ओवरब्रिज के पास से शातिर लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया। वह काफी समय से डीसीएम लूट के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस ने उसके पास से चोरी की बाइक के साथ ही तमंचा व कारतूस बरामद कि ए हैं।
इकदिल थानाध्यक्ष आलोक राय फोर्स के साथ गश्त पर थे । उन्हें मुखबिर ने फूफई ओवरब्रिज के पास एक लुटेरे के मौजूद होने की जानकारी दी। इस पर पुलिस पार्टी ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उसने अपना नाम मनीष दीक्षित उर्फ रिंकू पंडित पुत्र शांतीस्वरूप निवासी आसई थाना इकदिल बताया। पुलिस ने उससे बाइक के कागजात मांगे। वह कागजात नहीं दिखा सका।
एसओ आलोक राय ने बताया कि रिंकू पंडित इकदिल क्षेत्र के बिरारी के पास से कुछ माह पूर्व लूटी गई डीसीएम के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस काफी दिनों से उसकी तलाश में थी। उसके पास से बरामद बाइक लूट की लग रही है। वह बाइक को नंबर बदलकर चला रहा था। बाइक के बारे में पता किया जा रहा है। पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही के बाद रिंकू को जेल भेज दिया।