मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर कार मालगाड़ी से टकरा गई।
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर-नरकटियागंज रेलमार्ग पर बरडीहा गांव के समीप मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर रविवार दोपहर करीब तीन बजे कार मालगाड़ी की चपेट में आ गई। इससे कार सवार तीन लोग घायल हो गए। इसमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गोपालगंज(बिहार) जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव बढ़या निवासी राजन गुप्ता, प्रदीप यादव व भूपेंद्र प्रसाद रविवार दोपहर करीब तीन बजे कार से अहिरौली बाजार की तरफ से आ रहे थे। महुअवा खुर्द रेलवे स्टेशन के पश्चिम तरफ बरडीहा गांव के पास स्थित मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचे तो उसी वक्त गोरखपुर की ओर से आ मालगाड़ी आ गई।
इससे कार मालगाड़ी की चपेट में आ गई। टकराने के बाद कार छिटककर दूर जा गिरी और गाड़ी में सवार तीनों लोग घायल हो गए। जिनमें से भूपेंद्र प्रसाद को सिर में गंभीर चोट लगी है। मौके पर पहुंचे लोगों ने तीनों घायलों को इलाज के लिए पिपराइच सीएचसी पहुंचाया गया। बताया गया कि सुप्रीम केमिकल कंपनी जयपुर के दवा वितरक राजन गुप्ता, प्रदीप यादव व भूपेंद्र प्रसाद अहिरौली क्षेत्र के टीकर चौराहे से दवा वितरण कर कप्तानगंज लौट रहे थे कि तभी यह हादसा हुआ। सूचना पाकर अहिरौली पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।