लूट का शिकार हुये चालक व हेल्पर
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर से ट्रक में चीनी लादकर औरैया जा रहे एक ट्रक को बोलेरो सवार बदमाशों ने लूट लिया। लुटेरों ने चालक व परिचालक को बंधक बनाकर कार में डाल लिया और दोनों को सैफई थाना क्षेत्र के गांव टिमरूआ के पास फेंक दिया। उसके बाद बदमाश फरार हो गए। घटना औरैया जिले के एरवा कटरा थाना क्षेत्र के गांव गुलाबपुर के पास की बताई गई है। मैनपुरी जिले के बिछवा कस्बा निवासी शैलेंद्र सिंह चौहान पुत्र नरेंद्र सिंह चौहान एक ट्रक का चालक है।
उसके साथ हेल्पर के रूप में जुसैली थाना विछवा जिला मैनपुरी निवासी जगवीर पुत्र उदयभान सिंह चौहान चल रहा था। बुधवार को उन्होंने अपनी ट्रक पर शाहजहांपुर से चीनी लादी और औरैया के लिए रवाना हुआ। बुधवार की रात को जब उनका ट्रक एरवा कटरा औरैया थाना क्षेत्र के गांव गुलाबपुरा के पास पहुंचा। तभी एक बोलेरो में सवार आधा दर्जन के करीब बदमाशों ने ओवर टेक कर उनका ट्रक रोक लिया। उसके बाद बदमाशों ने चालक व हेल्पर के साथ मारपीट की। बाद में उन्हें बोलेरो में बंधक बनाकर डाल लिया।
बाद में बदमाश ट्रक को लेकर भाग गए। बोलेरो सवार लुटेरे ने चालक व हेल्पर को पीटकर उसके पास से मोबाइल भी छीन लिए। बाद में बदमाश दोनों को सैफई थाना क्षेत्र के गांव टिमरूआ के पास फेंक कर भाग निकले। चालक व हेल्पर दोनों रात भर वहां पडे़ रहे। सुबह होने पर चालक ने शोर मचाया शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। दोनों को बंधन मुक्त करवाया पीड़ित ने पूरी घटना गांव वालों को बताई।
चालक ने इसकी सूचना अपने मालिक को दी। सूचना पाकर वह भी मौके पर आ गए। पुलिस भी मौके पर पहुंची गई। चालक ने बताया कि उसके ट्रक में 32 टन चीनी लदी थी। सैफई पुलिस का कहना है कि मामला एरवाकटरा औरैया का है। ट्रक मालिक एवं हेल्पर चालक को एरवाकटरा पुलिस के पास भेजा गया है।