एक व्यक्ति के बाइक की डिकी में रखे 40 हजार रुपये बाइक सवार उचक्के निकाल कर भाग गए। वारदात का शिकार हुआ यह व्यक्ति बैंक से रुपये निकाल कर लाया था और लखना के गंज मुहाल स्थित एक जनरल स्टोर से कुछ खरीदारी कर रहा था। तभी यह वारदात हो गई। पड़ोसी की दुकान में लगे सीसी कैमरे में लुटेरों की यह हरकत कैद हो गई। पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है।
सोमवार को शाम करीब 4 बजे बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम बल्लमपुरा निवासी ओमनरायण पुत्र आदित्यनारायण ने बकेवर स्थित सेंट्रल बैंक से 40 हजार रुपये निकाले और अपनी मोटरसाइकिल से लखना स्थित गंज मुहाल आए। वे डीके दीक्षित के जनरल स्टोर से खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान सफेद रंग की डिस्कवर बाइक पर दो युवकों ने बैग पार किया और सराफा बाजार की ओर भाग गए।
ओम को जब जानकारी हुई तो उन्होंने इसकी सूचना लखना पुलिस चौकी पर दी। इस पर चौकी प्रभारी रमाशंकर उपाध्याय मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे और घटना की तहकीकात की। पुलिस ने सराफा व्यवसायी अरविंद पोरवाल के यहां लगे सीसी कैमरे की फुटेज को खंगाला। इसमें बाइक सवार उच्चकों की पहचान हुई है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।