सवंतनगर क्षेत्र में लूट के बाद बरामद किया गया ट्रक और उसके ड्राइवर, हेल्पर।
- फोटो : अमर उजाला
महेवा के पास शुक्रवार रात सवारी बनकर ट्रक में बैठे छह बदमाशों ने चालक और हेल्पर को बंधक बनाकर मारपीट की। दोनों को जसवंतनगर के पास फेेंककर बदमाश आलू लदा ट्रक लूटकर फरार हो गए। पुलिस को सूचना मिली तो उसने जीपीएस की मदद से 24 घंटे के अंदर ही ट्रक सहित एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।
आगरा के गर्ग कोल्ड स्टोर से 422 आलू के कट्टे लदे ट्रक को चालक अनुरुद्ध पुत्र राम सेवक ग्राम ईदखुदा जिला कानपुर देहात और हेल्पर रमेश पुत्र मोहन सिंह ग्राम बेरी थाना हमीरपुर जिला पन्ना मध्यप्रदेश के लिए शुक्रवार शाम रवाना हुए। रात 8 बजे आधा दर्जन बदमाश महेवा के पास औरैया जाने की बात कहकर ट्रक में सवार हो गए। बदमाशाें ने बाबरपुर टोल टैक्स से काफी पहले तमंचों के बल पर ट्रक रुकवाया। चालक और हेल्पर की जमकर पिटाई की। उन्हें बांधकर नीचे डाल दिया। बदमाश ट्रक को बैक कर इटावा-जसवंतनगर मार्ग पर नहर पुल के किनारे पहुंचे।
यहां चालक और क्लीनर को फेेंक दिया और करीब साढे़ तीन लाख की आलू लदा ट्रक लूटकर भाग गए। हेल्पर रमेश ने बताया कि उसने किसी प्रकार बंधन खोले और चालक अनुरुद्ध को भी बंधनमुक्त किया। वहां से कुछ दूर स्थित ढाबे जाकर आपबीती बताई। अपने मालिक को घटना से अवगत कराया। ट्रक मालिक ने तुरंत जसवंतनगर पुलिस को घटना की सूचना दी। बताया कि ट्रक में जीपीएस लगा है।
ट्रक इटावा से उत्तर की ओर कुछ दूरी पर खड़ा दिख रहा है। इस पर हाईवे पुलिस ने इटावा बसरेहर रोड पर ट्रक को घेर लिया। इसके बाद किसी तरह एक लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया जबकि अन्य लुटेरे भाग निकले। इस अभियान को अंजाम देने में कस्बा इंचार्ज रजनेश यादव की विशेष भूमिका रही। पकडे़ गए बदमाश के कब्जे से पुलिस ने ट्रक से लूटी नगदी और मोबाइल बरामद किया है। गिरफ्तार लुटेरे ने अपना नाम मिलाप उर्फ सोनू पुत्र रामभरोसे जाटव ग्राम टिमरूआ थाना सैफई, हाल निवासी ओमनगर फीरोजाबाद बताया है। पुलिस अन्य लुटेरों की तलाश में जुटी है।