लखनऊ-आगरा हाईवे पर रविवार सुबह तेज रफ्तार कार खड्ड में पलट गई। हादसे मेें दिबियापुर के सराफा व्यापारी की मौत हो गई और पत्नी समेत छह लोग घायल हो गए। सराफ की पत्नी और एक अन्य को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार में सात लोग सवार थे।
औरैया जिले के दिबियापुर थानांतर्गत भगवतीगंज मोहाल निवासी श्रीकांत सोनी (52) पुत्र शिवबालक आगरा में साले की बेटी की गोद भराई में शामिल होने शनिवार सुबह कार से परिजनों संग गए थे। रविवार सुबह पांच बजे दिबियापुर लौट रहे थे। कार उनका साला बॉबी पुत्र रामकिशन चला रहा था। हाईवे पर उझियानी गांव के पास कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गई।
कार में श्रीकांत के अलावा उनकी पत्नी मधु, बॉबी की पत्नी बेबी, पुत्री परी, मोहित पुत्र शिव सिंह और केशव पुत्र दुर्गेश भी थे। हादसा होते ही नजदीक मौजूद पीआरवी के जवानों ने घायलों को कार से निकालकर महेवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने श्रीकांत को मृत घोषित कर दिया। मधु और मोहित को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य मामूली घायलों का सीएचसी में इलाज किया गया।