कपड़े की दुकान में लूट के बाद लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
चकरनगर। थाना सहसों के ग्राम हनुमंतपुरा चौराहा बाजार पर दुकानदार एवं ग्राहक के बीच दस के सिक्के पर विवाद हो गया। ग्राहक ने साथियों को बुलाकर कपड़ा दुकानदार पर हमला बोल दिया। आरोप है कि इस दौरान दुकानदार की भांजी की शादी के लिए रखा 70 हजार नगद भी लूट लिया। चौकी प्रभारी हनुमंतपुरा ने मौके पर पहुंचकर हमलावरों का पीछा किया। पुलिस ने आरोपियों की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
थाना सहसों क्षेत्र के हनुमंतपुरा चौराहे स्थित बड़ा बाजार में बृहस्पतिवार की सुबह ग्राम पिपरौली की गढ़िया निवासी तीन युवक रोहित, भोलू, अभिनेंद्र, प्रदीप दुबे की पान की दुकान पर आए। हनुमंतपुरा चौराहे पर दस रुपये का पान मसाला लिया। 20 रुपये का नोट दुकानदार को दिया। दुकानदार ने दस रुपये का सिक्का वापस कर दिया। ग्राहकों ने कहा कि कागज का नोट दो। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। मारपीट देखकर पास खड़े लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराते हुए सिक्के के बजाय दस का नोट दे दिया। कुछ समय बाद ही तीन मोटर साइकिलों पर सवार होकर एक दर्जन से अधिक युवक हनुमंतपुरा चौराहे पर आए तथा प्रदीप के भाई विनोद दुबे की कपड़े की दुकान पर हमला बोल दिया। युवकों ने दुकान के अंदर घुसकर दुकानदार विनोद दुबे के साथ मारपीट कर दी।
दुकान पर दिनदहाड़े हमले से चौराहे पर भगदड़ मच गई। इसी बीच किसी दुकानदार ने घटना की सूचना सहसों पुलिस को दे दी। सूचना पाते ही चौकी प्रभारी हनुमंतपुरा मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही उपद्रवी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पिपरौलीगढ़िया की ओर भाग निकले। युवकों का पुलिस ने पीछा किया। कुर्छा के पास वे मोटरसाइकिल छोड़ जंगल की ओर भाग गए। मोटरसाइकिल को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। कपड़ा व्यवसायी विनोद दुबे ने थाना सहसों में 15 लोगों के विरुद्ध दुकान में घुसकर मारपीट एवं 70 हजार रुपये नगद की लूट की तहरीर दी है । श्री दुबे ने बताया कि 12 मई को लखना गेस्ट हाउस में उनकी भांजी की शादी है। शादी के लिए 70 हजार रुपये रखा था। उसे लूट ले गए हैं। थानाध्यक्ष सहसों मनोज परमार का कहना है कि प्रथम दृष्टया मारपीट का मामला सामने आया है। गहराई से जांच पड़ताल की जा रही है।