औरैया जिला के अजीतमल कस्बा से शनिवार की शाम एक बाइक चुराकर भाग रहे युवक की बाइक डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन उसकी निगरानी की सुध नहीं ली।
युवक को होश आया तो वह जिला अस्पताल से भाग खड़ा हुआ। अजीतमल कस्बा में एक बंगाली क्लीनिक के बाहर खड़ी एक बाइक शनिवार की शाम चोरी हो गई। चोर को भागते देख लोगों ने इसकी सूचना अजीतमल थाना पुलिस को दी। हरकत में आई पुलिस ने युवक का पीछा करने के साथ बकेवर थाना पुलिस को भी सूचित किया।
इस बीच युवक बकेवर कस्बा पार कर चुका था। बकेवर पुलिस उसका पीछा कर रही थी तभी हाइवे पर बिजौली गांव के पास वह असंतुलित होकर डिवाडर से टकरा गया। पीछे से आ रही बकेवर व अजीतमल थाना पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना देकर उसे जिला अस्पताल भिजवाया।
युवक ने अपना नाम आलोक निवासी लालपुरा थाना बकेवर बताया। जिला अस्पताल में भर्ती युवक की निगरानी के लिए शनिवार की रात को एक भी सिपाही नहीं रुका। युवक को जब होश आया तो वह अस्पताल से बिना कुछ कहे भाग निकला। पुलिस जब वहां पहुंची तो वह लापता मिला।
एसओ बकेवर एके सिंह ने बताया कि युवक को अस्पताल भिजवा दिया था साथ ही चोरी की गई बाइक को कब्जे में ले लिया था। युवक की निगरानी के लिए उन्होंने सिविल लाइन थाना पुलिस को अवगत करा दिया, लेकिन पुलिस के न पहुंचने से बाइक चोर वहां से भाग निकला।
अलग-अलग स्थानों पर तीन बाइक चोरी
इटावा। जिले में अलग-अलग स्थानों से तीन बाइक चोरी हो गईं। पहली घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आईटीआई चौराहा के पास हुई। यहां से चोर मुनेश बाबू पुत्र हाकिम सिंह निवासी नगला कन्हई की बाइक चुरा ले गए। दूसरी घटना नई मंडी में हुई।
मोहल्ला अशोकनगर निवासी अरुण कुमार पुत्र वेदप्रकाश ने अपनी बाइक नई मंडी में चेकपोस्ट के पास खड़ी की थी। वह सब्जी खरीदने गए और चोर मौका पाकर बाइक ले गए।
तीसरी घटना बसरेहर थाना क्षेत्र के गांव नगला तुलसीराम में हुई। यहां खेड़ा राठौर जिला आगरा निवासी राजेश कुमार पुत्र विजय कुमार ने अपनी बाइक वहां खड़ी कर दी। इसी बीच चोर बाइक चुरा ले गए।