पुलिस कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते मोहल्ला शिवपुरी शाला के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के मोहल्ला शिवपुरीशाला में पीडब्लूडी जेई के घर पड़ी डकैती के खुलासे पर सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित जेई के परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने बुधवार को पुलिस के दावे को झूठा बताया। उनका कहना है कि बगैर माल बरामदगी के पुलिस ने कैसे खुलासा कर दिया। केवल एक डंडा बरामद कर पुलिस अपनी पीठ थपथपाने लगी है। मोहल्ले के लोगों ने घटना के सही ढंग से खुलासे की मांग कर बुधवार को कलक्ट्रेट में पुलिस कार्यालय के सामने प्रदर्शन और नारेबाजी की।
27 सितंबर की रात फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिवपुरीशाला में शिवकुमार के घर डकैती पड़ी थी। जिसमें शिवकुमार और उनके भतीजे पीडब्लूडी जेई संदीप कुमार व महिलाओं को घायल कर लाखों का माल बदमाश लूट ले गए थे। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल के लिए पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला। पुलिस मामले में कच्छाधारी बदमाशों के होने का संदेह भी व्यक्त कर रही थी। लेकिन पुलिस ने जिस ढंग से बदमाशों की गिरफ्तारी का दावा किया उस पर संदेह प्रकट होने लगा। पकड़े गए बदमाशों का सीसीटीवी फुटेज से मिलान भी नहीं किया। कोई माल भी बरामद नहीं हुआ। इसको लेकर परिजनों में रोष व्याप्त रहा।
घायल शिवकुमार की पत्नी सोनी देवी और अन्य परिजन मोहल्लेवालाें के साथ कचहरी स्थित पुलिस कार्यालय पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। शोर शराबा सुनकर एसएसपी एन कोलांचि बाहर आए। उन्होंने कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया। कहा कि घटना की सही जांच होगी और बदमाशों के साथ माल की बरामदगी होगी। इसके बाद ही परिजन लौटे।