बलरामपुर/मालटारी(ब्यूरो)। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुलउर गांव के पास बुधवार की देर शाम पौने आठ बजे बाजार से घर लौट रहे अशरफपुर के पूर्व प्रधान अली असगर के भाई अली अख्तर की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाश एक बाइक पर सवार थे। घटना को अंजाम देने के बाद वे सियरहां बाजार की ओर जाने वाली सड़क से भाग गए। बाजार के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। लेकिन घटना के आधे घंटे के बाद भी थानाध्यक्ष मौके पर नहीं पहुंच सके थे।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अशरफपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान अली असगर के भाई अली अख्तर (40) पुत्र मुमताज बुधवार को किसी काम से जिला मुख्यालय आए थे। काम निपटाने के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे। देर शाम पौने आठ बजे जैसे ही अलीअख्तर मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुलउर बाजार के पास पहुंचे कि सामने से एक बाइक पर सवार दो बदमाश उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन वह रुके नहीं। बदमाशों ने पीछाकर उनको रोक दिया और असलहा सटाकर अली अख्तर के पेट में गोली मार दी।
बाजार के लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। बाजार के लोगों की मानें तो सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद तक थानाध्यक्ष मौके पर नहीं पहुंच सके। इलाज के अभाव में उसने दम तोड़ दिया। अलीअख्तर तीन भाई और चार बहनों में बड़े थे। सीओ सदर सच्चिदानंद ने बताया कि अभी रिपोर्ट ही दर्ज नहीं है। शहर के गुलामी का पुरा मुहल्ले में अख्तर का परिवार रहता है। डेढ़ महीने पहले सऊदी अरब से घर आया था। एसपी कुंतल किशोर ने कहा कि दोनों स्वाट टीम और सर्विलांस टीम को लगाया गया है। 24 घंटे के अंदर मामले का खुलासा करने का निर्देश दिया गया है।