इटावा। कोतवाली के नुमाइश मैदान के पास ऑटो सवार बदमाशों ने गुरुवार देर शाम को कपड़ा व्यापारी को लूट लिया। वह स्टेशन से दवा खरीदकर ऑटो से घर जा रहा था। तभी ऑटो में अचानक तीन बदमाश घुस आए। सुनसान इलाके में तमंचे लगाकर व्यापारी से 57 हजार रुपये व घड़ी उतरवा ली और रफूचक्कर हो गए। पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
न्यू हिन्द टाकीज के पास रहने वाले दिलीप कुकरेजा की तिकोनिया बाजार में कपड़े की दुकान है। गुरुवार शाम को बिक्री का पैसा लेकर दिलीप घर जा रहा था। दिलीप ने बताया कि उसको कुछ दवाइयां लेनी थीं, जिसकी वजह से वह स्टेशन आया था। दवाइयों लेने के बाद उसने घर जाने के लिये ऑटो किया। कुछ दूर चलने पर ऑटो तीन बदमाश घुस गए। नुमाइश मैदान की ओर ऑटो ले जाने लगे। सुनसान इलाका देखकर बदमाशों ने तमंचा दिलीप की कनपटी पर रख दिया और उसकी बिक्री के 57000 रुपये और घड़ी उतरवा ली। साथ ही ऑटो से धकेलकर बदमाश भाग गये। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।