लवेदी। थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव लवेदी में चोरों ने शुक्रवार रात को चोरों ने तीन घरों को अपना निशाना बनाया। चोर घरों में घुसकर नगदी व सामान चुरा ले गए। घर में सो रहे परिजनों को चोरों की भनक नहीं लग सकी। घटना की जानकारी शनिवार सुबह हुई जब परिजनों को चोरी की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया।
चोरो ने सबसे पहले शिव कुमार के घर को अपना निशाना बनाया। चोर उसके घर में घुस गए। उसके कमरे का ताला तोड़ दिया और वहां रखे बक्से को उठा ले गए। दूसरे कमरे में सो रहे शिव कुमार को चोरों की भनक नहीं लग सकी। चोरों ने गांव के बाहर खेतों में जाकर बक्से के ताले तोड़े और उसमें रखी नगदी व सामान चुरा ले गए।
इसके बाद चोर वही पड़ोस में रहने वाली शीला देवी व सुनील कुमार के घरों में घुस गए और घर में रखे गैस सिलिंडर चुरा ले गए। घटना की जानकारी सुबह हुई जब शिव कुमार ने अपना बक्सा गायब देखा । खोजबीन के बाद बक्सा खेतों में पड़ा मिला। शिव कुमार ने बताया कि उसके बक्से में 16 हजार रुपया नगद व कागजात रखे थे। उसे चोर चुरा ले गए। चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।