अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। भरथना में चौकी के पास ही पेंट व्यापारी के घर पड़ी डकैती के मामले में पुलिस को अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगे हैं। चौकी के पास हुई घटना की पुलिस को भनक न लगने को एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने भरथना चौकी प्रभारी को सस्पेंड कर दिया है। लोगों की शिकायतों के बाद लखना चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है।
10 अगस्त की रात को पेंट व्यापारी संजय पोरवाल के घर छह बदमाशों ने परिजनों को बंधक बनाकर करीब दस लाख का डाका डाला था। उनके घर के पास ही चौकी है। बदमाश वारदात को अंजाम देते रहे लेकिन पास में स्थित चौकी प्रभारी गंगादास गौतम को बदमाशों की भनक तक नहीं लग सकी। बदमाशों के चले जाने के बाद संजय पोरवाल के परिवार के लोग घर की खिड़की से पुलिस को आवाज लगाते रहे लेकिन कुछ नहीं हुआ। डकैती के बाद पीड़ित चौकी पर गए तो वहां पर कोई भी पुलिस कर्मी नहीं मिला । बाद में उन्होंने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
संजय ने एसएसपी से शिकायत की थी कि यदि चौकी पर पुलिस होती तो बदमाश पकडे़ जा सकते थे। लेकिन पुलिस अभी तक किसी बदमाश को नहीं पकड़ सकी है। एसएसपी अशोक त्रिपाठी ने इसे चौकी प्रभारी गंगादास गौतम की लापरवाही मानते हुए उन्हें सस्पेंड कर दिया। इसके अलावा उन्होंने लखना चौकी के प्रभारी सुनील गौतम को लाइन हाजिर कर दिया। एसएसपी ने बताया कि चौकी प्रभारी भरथना को लापरवाही बरतने पर सस्पेंड किया गया है तथा लखना चौकी प्रभारी को लोगों की शिकायतों पर लाइन हाजिर किया है।
- लोगों की शिकायतों पर लखना चौकी प्रभारी लाइन हाजिर