इटावा। जयपुर से राजस्थान रोडवेज की बस में सवार होकर इटावा आ रहे एक युवक को जहरखुरानों ने अपना शिकार बनाया। उसके पास से नगदी लूट कर भाग निकले। बस स्टैंड पर बेहोशी की अवस्था में पड़ा होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
मैनपुरी जिले के करहल थाना क्षेत्र के रति भानपुर गांव निवासी सौरभ पुत्र रक्षपाल सिंह अपने साथियों के साथ जयपुर से अजमेर के बीच ट्रेन में वेंडर का काम करता है। गुरुवार की शाम को वह राजस्थान रोडवेज की बस में इटावा आ रहा था।
रास्ते में जहरखुरान गिरोह के सदस्यों ने उसने दोस्ती कर ली और नशीला पदार्थ खिला दिया। इटावा आने पर बस के परिचालक ने उसे बेहोशी की अवस्था में पड़ा देखा। उसके पास से मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। परिचालक ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने के बाद सौरभ ने बताया में जहरखुरान उसके पास से पचास हजार रुपये लूट ले गए। ब्यूरो