इटावा। जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कंधेसी पचार निवासी जय सिंह (40) पुत्र राम प्रयोजन किसी काम से चकरनगर आया था। वह आटो में सवार होकर घर जा रहा था। आटो में अन्य लोग भी सवार थे। उदी रोड पर तेजी से आ रही बोलेरो ने आटो में टक्कर मार दी। आटो में सवार जय सिंह व खेमा बाई पत्नी रामेश्वर दयाल निवासी बहालिया का पुरा चकरनगर घायल हो गईं।
हादसे के बाद बोलेरो चालक गाड़ी भगा ले गया। राहगीरों जय सिंह व खेमा बाई को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान जय सिंह की मौत हो गई।
दूसरी घटना इकदिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाइवे पर कस्बा इकदिल के पास हुई जहां बाइक से आ रहे अंकित कुमार पुत्र अभिलाख सिंह व शैलेंद्र कुमार पुत्र उद्दन सिंह निवासी कटहारा थाना अयाना औरैया को तेजी से आ रहे आटो ने टक्कर मार दी जिससे दोनों घायल हो गए। तीसरी घटना इकदिल क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर मानिकपुर मोड़ के पास हुई जहां ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार विशाल यादव पुत्र देवेंद्र यादव निवासी अड्डा तलैया बराखेड़ा, थाना इकदिल घायल हो गया। चौथी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत सराय दयानत के पास हुई जहां साइकिल से जा रही अंजली पुत्री रजनेश कुमार निवासी सराय दयानत को बाइक सवार ने टक्कर मार दी।
अंजली घायल हो गई। इसके अलावा इकदिल कस्बा में हाईवे के किनारे स्थित कब्रिस्तान के पास बाइक से जा रहे विकास पुत्र महेश चंद्र निवासी नगला बुद्धू को बोलेरो ने टक्कर मार दी। जिससे वह घयल हो गया। इसके अलावा जसवंत नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत डोडाके पास पैदल जा रहे अवधेश पुत्र कृष्णमुरारी को बाइक सवार ने टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गया।
बस स्टैंड पर बेहोश मिला युवक
इटावा। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रोडवेज बसस्टैंड पर एक युवक बेहोश पड़ा मिला। आसपास के लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके पास से मिले कागजातों के आधार पर उसका नाम राहुल पुत्र शिव मंगल सिंह निवासी समान कटरा थाना किशनी मिला। उसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
दुकान से सामान लूटने का आरोप
इटावा। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मेवाती टोला की रहने वाली एक महिला ने एसएसपी को प्रार्थनापत्र दिया है जिससे चार लोगों पर दुकान में घुसकर उसके पति के साथ मारपीट करने व सामान लूट लेजाने का आरोप लगाया है।