अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। मालगाड़ी की बोगियों से सामान चुराने वाले गिरोह का आरपीएफ ने भंडाफोड़ कर बीएसए कार्यालय के सामने से तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों ने ही पिछले दिनों इकदिल-भरथना स्टेशन के बीच मालगाड़ी से गेहूं के बोरे चुराए थे।
प्रभारी निरीक्षक वीके शर्मा ने बताया कि 13 सितंबर की रात 9 बजे इटावा से इकदिल के बीच शातिर बदमाशों ने मालगाड़ी की बोगी से 79 बोरे निकालकर बाहर फेंके थे। तभी गार्ड की नजर पड़ते ही उसने घटना की जानकारी दी। हालांकि आरपीएफ और जीआरपी टीमों के तत्काल सक्रिय होने से चोरी बच गई। लेकिन बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
शनिवार दोपहर को मुखबिर की सूचना पर सामोद कुमार यादव पुत्र श्याम सिंह निवासी ग्राम छुटकामढ़ा थाना अछल्दा जनपद औरैया, रविंद्र लोधी पुत्र राम दुलारे निवासी ग्राम नगला नया थाना भरथना जनपद इटावा तथा राकेश जाटव पुत्र सुरेश चंद्र निवासी ग्राम रतनपुर थाना भरथना जनपद इटावा को गिरफ्तार किया है। उनके पास से बोलेरो बरामद हुई है, जिसमें गेहूं की तीन बोरियां रखी थीं।