इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शिवनगर में गुरुवार की देर रात घर में पूजा करने के नाम पर दो बाबा पांच लोगों को बेहोश कर जेवर ले उड़े। पता चलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना देने के साथ उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जिला अस्पताल में होश आने पर बृजकिशोर (25) पुत्र रामपाल ने बताया कि गुरुवार रात घर में पूजा कराने के लिए दो बाबा बुलाए थे। रात में 12 बजे शुरू हुई पूजा ढाई बजे तक चली। पूजा में भाभी बबिता पत्नी सर्वेश पाल, मां फूलमाला पत्नी रामपाल, भाभी की मां राममूर्ति पत्नी रघुवीर सिंह और पड़ोसी अनार देवी पत्नी श्याम बाबू भी शामिल हुईं थीं।
पूजा के दौरान बाबा ने पानी भरे लोटे में बताशा डाला और वही पानी सभी को पिलाया। इसके बाद सभी बेहोश हो गए। होश आने पर अस्पताल के बेड पर थे। तब समझ में आया कि परिवार ठगी का शिकार हो गया। ठग उसका मोबाइल फोन ले गए हैं।
परिवार के बृजकिशोर ने बताया कि पड़ोसी अनार देवी के कहने पर पूजा करवाई थी। उन्हीं ने दोनों बाबाओं को बुलाया था। अनार देवी भी उनकी ठगी का शिकार हो गईं।
अनार की बहू रानी देवी ने बताया कि सास गुरुवार शाम सात बजे घर से गई थीं। सुबह सात बजे तक न आने पर बबिता के घर जाकर देखने पर सभी बेहोश पड़े थे। उसने मोहल्ले के लोगों को खबर दी। सूचना पर कुछ देर बाद पुलिस भी आ गई। बताया कि उसकी सास के कान के कुंडल भी गायब हैं।
फूलमाला की पुत्री यशोदा पत्नी शिवनाथ ने बताया कि उसकी मां फूलमाला के कान के कुंडल, मंगलसूत्र, भाभी बबिता का मंगलसूत्र, तोड़ियां और मोबाइल तथा भाभी की मां राममूर्ति के कान का कुंडल और तोड़ियां गायब हैं। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए उस लोटे को बरामद कर लिया है जिस पानी को पीने के बाद लोग बेहोश हो गए थे।