इटावा। भरथना थाना क्षेत्र के गांव मोढ़ी में गुरुवार को एक युवक ने घर के कमरे में दुपट्टा का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फांसी लगाने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
क्षेत्र के गांव मोढ़ी निवासी प्रबल प्रताप (28 ) पुत्र छोटे लाल दूसरों का ट्रैक्टर चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। बुधवार की शाम को वह खाना खाने के बाद कमरे में चला गया तभी उसने दुपट्टा का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई। जब पत्नी रूपा उसके कमरे में गई तो उसका शव लटका देख उसकी चीख निकल गई।
जानकारी मिलने पर पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रबल प्रताप अपने पीछे पत्नी व दो छोटी बच्चियों को छोड़ गया है। पंचनामा भरने वाले दरोगा दिनेश कुमार ने बताया कि फांसी लगाने के कारणों के बारे में पता नहीं चल सका है।