युवक का शव फंदे से झूलता मिला
भरथना। सेंगर नदी किनारे बबूल के पेड़ से गमछे के सहारे एक युवक (35) का शव फंदे पर झूलता मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्पष्ट हो जाएंगे। युवक कौन है और कहां का रहने वाला है, इस बारे में जानकारी की जा रही है।
ग्राम मोढ़ी प्रधान अशोक कुमार शाक्य की सूचना पर भरथना के कार्यवाहक थाना प्रभारी गुलाब सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। मोढ़ी ग्राम के पीछे नगला प्रसाद के समीप सेंगर नदी किनारे एक बबूल के पेड़ से गमछे के सहारे युवक का शव फंदे पर झूल रहा था। कार्यवाहक थाना प्रभारी गुलाब सिंह ने बताया कि युवक की जेब से एक रसीद व 2440 रुपये मिले हैं। इसमें करन सिंह यादव का नाम व गौरव यादव का मोबाइल नंबर लिखा पाया गया। थाना पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
नहीं हो सकी शिनाख्त, पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो