लाखी हनुमंतपुर में फसल जलने के बाद खेत में घूमता चिंतित किसान।
- फोटो : amar ujala
क्षेत्र में दो स्थानों में हुई आगजनी की घटना में गेहूं की 110 बीघे फसल जलकर राख हो गई।
सैफई थानाक्षेत्र के बघुइया गांव निवासी सुभाष चंद्र के खेत के ऊपर से हाईटेंशन लाइन निकली है। सोमवार दोपहर करीब करीब दो बजे बिजली का तार टूटकर सुभाष के खेत में गिर गया। तार में दौड़ रहे करंट की चिंगारी से खेत में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। लपटें देख आसपास के लोग दौड़े। दमकल को सूचना देने के साथ ग्रामीण आग पर काबू करने में जुट गए। कुछ देर में दमकल विभाग की टीम पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से चार घंटे में आग पर काबू किया। आग से सुभाष व राम चंद्र के बीस बीघा योगेंद्र धर्मेंद्र की पांच बीघा महेश की पांच बीघा सुधा देवी अखिलेश की नौ बीघे सुभाष, अवधेश, महेश व राजेश के दस बीघे राकेश व सुरेश के दो बीघा व अघानी देवी के दो बीघा फसल जल गई। एसडीएम सैफई हेम सिंह ने नुकसान का जायजा लिया। सीएफओ के वर्मा ने बताया कि आग तार टूटकर गिरने से लगी थी।
वहीं, बकेवर थाना क्षेत्र में लाख हनुमंतपुरा अंदावा गांव का मजरा है। यहां खेतों के ऊपर से 11 हजार वोल्टेज की बिजली लाइन निकली है। गांव के किसान मेवालाल के खेत में भी एक खंभा लगा है। खंभे पर लगे जंपर में स्पार्किंग होने से चिंगारी गेहूं की फसल में आ गिरी। इससे फसल में आग लग गई। फायरब्रिगेड और पुलिस को सूचना देने के साथ किसान आग पर काबू करने में जुट गए। कुछ ही देर में सीओ भरथना बैजनाथ, एसओ बकेवर एसके त्रिपाठी फोर्स के साथ पहुंच गए। किसानों ने एकजुट होकर आग पर काबू कर लिया। खेतों तक रास्ता न होने के कारण करीब 45 मिनट बाद फायरब्रिगेड पहुंची।
पुलिस ने खेतों के बीच से फायरब्रिगेड मौके तक पहुंचवाई। आग कहीं रह न जाए इस आशंका में फायरब्रिगेड कर्मियों ने खेतों में पानी डाला। आग से मेवालाल के 10 बीघे, शिवकुमार व सुंदरलाल की चार-चार बीघे, अजब सिंह व छोटेलाल के तीन-तीन बीघे कुंवर सिंह, केशव सिंह, राममूर्ति व रमेश दोहरे की दो-दो बीघे समेत 30 बीघा गेहूं की फसल जल गई। जनसंपर्क को अंदावा जा रहे भाजपा प्रत्याशी रामशंकर कठेरिया, जिलाध्यक्ष शिवमहेश दुबे ने खेतों पर जाकर किसानों को ढांढस बंधाया साथ ही उपजिलाधिकारी चकरनगर को किसानों को मुआवजा दिलाने को कहा। लेखपाल के मौके पर न आने से किसानों में नाराजगी रही।