इटावा। चौबिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत चापुला के पास जा रहे एक युवक को पांच लुटेरों ने पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। मारपीट के बाद लुटेरे युवक के पास से उसका मोबाइल व 25 हजार रुपये नगद लूट लिए। युवक ने पांच के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
चौबिया क्षेत्र के गांव नगला सबी पश्चिमी निवासी सुरजीत सिंह यादव पुत्र रविंद्र सिंह नोएडा में प्राइवेट नौकरी करता है। रविवार को वह अपने घर के लिए निकला था। वह चौपुला बस से उतरकर अपने गांव जाने के लिए पैदल चल दिया। तभी रास्ते में उसे पांच युवकों ने रोक लिया। उसके बाद उसके साथ मारपीट की।
साथ ही 25 हजार रुपये नगद व मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। उसने घटना की तहरीर थाने में दे दी है। पीड़ित ने बताया कि मारपीट के बाद 25 हजार नगद व एक मोबाइल भी लूट ले गए। एसओ चौबिया सतीश यादव ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।