इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत डीपीएस स्कूल के पास सवारी बनकर बैठे तीन लुटेरों ने आटो चालक को तमंचा के बल पर लूट लिया। विरोध करने पर लुटेरों ने चालक के साथ मारपीट की। लुटेरे उसके पास से चार हजार रुपये, मोबाइल, आटो की चाबी व लाइसेंस लूट कर भाग निकले। पीड़ित ने इसी सूचना थाने में दे दी है।
इकदिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला विकास कालोनी हर्षवर्धन होटल के पीछे रहने वाला अरविंद कुमार पुत्र श्याम सुंदर आटो चलाकर परिवार का भरण पोषण करता है। शनिवार शाम करीब साढे़ आठ बजे वह पक्का बाग तिराहे पर सवारियों के इंतजार में खड़ा था। तभी तीन लोग आए और उन्होंने आईटीआई चौराहा तक चलने के लिए भाड़ा तय किया। भाड़ा तय होने के बाद तीनों आटो में सवार हो गए।
जब वे आईटीआई चौराहे पर पहुंचे तो सवारियों ने थोड़ा आगे तक छोड़ने के लिए कहा। डीपीएस के पास सवारियों ने अरविंद को तमंचा लगा दिया और उसके पास से चार हजार रुपये, मोबाइल लाइसेंस व अन्य सामान लूट लिया। विरोध करने पर लुटेरों ने उसके साथ मारपीट की। लुटेरे उसका आटो भी ले जाना चाहते थे लेकिन वह स्टार्ट नहीं हुआ तो लुटेरे चाबी लेकर भाग निकले। लुटेरों के चले जाने के बाद वह थाना सिविल लाइन पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस छानबीन कर रही है।