रंगदारी वसूली के विवाद में शनिवार को ग्राम कैस्त में दो पक्षों में करीब 100 राउंड हवाई फायरिंग हुई। गोलियों की आवाज से गांव में दहशत फैल गई। पुलिस मौके पहुंची लेकिन इससे पहले ही फायरिंग करने वाले भाग गए।
गांव कैस्त के पास कचौरा मार्ग स्थित एक कंपनी के प्लांट परिसर में गिट्टी, बालू से लदे डंपरों के चालकों से गांव के ही दबंग रंगदारी वसूलते हैं। शनिवार सुबह वहां दो पक्ष रंगदारी वसूलने लगे। इस बीच दोनों पक्षों में विवाद हो गया। सुबह करीब 11 बजे दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। कहासुनी और गालीगलौज के बाद हवाई फायरिंग होने लगी। करीब 100 राउंड फायरिंग से गांव दहल उठा। मामले की जानकारी पुलिस को लगी तो क्षेत्राधिकारी विजय बहादुर सिंह, थाना प्रभारी प्रमोद कुमार, वैदपुरा थाना प्रभारी सत्येंद्र यादव, बलरई दिनेश कुमार समेत तीन थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा। इस बीच दोनों पक्षों के लोग भाग गए। इलाका पुलिस छावनी में बदल गया। पुलिस का कहना है कि फायरिंग करने वालों को चिह्नित कर मामला दर्ज किया जाएगा। लाइसेंसी शस्त्रों को निलंबित कर जब्त किया जाएगा। एसएसपी वैभव कृष्ण भी मौके पर पहुंचे। कहा कि गुंडई और अराजकता फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।