भरथना। नगर के मोहल्ला सिंधी कालोनी में शुक्रवार की रात सूना मकान पाकर चोरों ने एक घर से करीब डेढ़ लाख कीमत के जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए। गृह स्वामी अपने भाई के साथ रोजगार की तलाश में जयपुर गया था।
मोहल्ला निवासी राजकुमार पुत्र फत्तूमल ने बताया कि वह अपनेभाई संजय के साथ जयपुर में काम की तलाश में परिवार समेत गए थे। बीती रात चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और घर में घुस गए। चोरों ने सोने की दो चूंड़ियां, दो चेन, एक हार, चांदी की दो जोड़ी पायल, एक हजार रुपये की नगदी व अन्य सामान चोरी कर लिया। पड़ोसियों ने अगले दिन सुबह मकान के दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखा, तो उन्हें मोबाइल से सूचना दी। जिस पर वह आनन फानन में घर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी। राजकुमार ने बताया कि चोर असली जेवर ले गए और नकली छोड़ गए। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।