बकेवर। आलियापुरा गांव में एक रिटायर्ड अकाउंटेंट के घर शुक्रवार दोपहर चोरी हो गई। पूरा परिवार मोहल्ले में भागवत कथा सुनने गया था। मौका देख चोर घर में घुसे और ताले तोड़कर आठ लाख के जेवर व 50 हजार रुपये पार कर दिए।
आलियापुरा गांव निवासी एदुल सिंह भरथना मंडी समिति से अकाउंटेंट पद से रिटायर हुए थे। शुक्रवार को वह मोहल्ले में ही श्याम किशोर यादव के यहां हो रही भागवत कथा सुनने दोपहर में करीब एक बजे गए थे। पत्नी रामसखी और पुत्र वधू सीमा देवी भी साथ थीं। उनकी 10 वर्षीय पौत्री उपासना स्कूल गई थी। एदुल सिंह ने बताया कि घर पर मोबाइल छूट गया था। भागवत सुनने जाने के आधे घंटे बाद उनकी पत्नी रामसखी को याद आया तो वह मोबाइल लेने घर लौटीं। घर पर मुख्य ताला तो लगा था लेकिन बाउंड्री के अंदर वाले दरवाजे और कमरे का ताला टूटा था। कमरे में अलमारी और सेफ खुली थी। अलमारी से पचास हजार रुपये और करीब आठ लाख रुपये के जेवर गायब थे।
एदुल सिंह ने बताया कि पचास हजार रुपये बेटे की फीस जमा करने के लिए रखे थे। उनके दो बेटे हैं बड़ा पुत्र शिवाशीष यादव मथुरा पुलिस में हेड कांस्टेबल है। छोटा पुत्र आशीष यादव एमबीबीएस कर रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी विद्यासागर सिंह, एसएसआई यशवंत सिंह मौके पर पहुंचे और छानबीन की। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाने की कोशिश की। बकेवर थाना प्रभारी ने बताया कि घटना में किसी करीबी का हाथ लग रहा है। आसपास मकानों के लोगों ने किसी बाहरी को घर में घुसते नहीं देखा है।