चकरनगर। थाना क्षेत्र के गोहानी गांव में एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोर करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत के जेवर व नगदी ले गए। दिल्ली में रहे गृहस्वामी की पुत्रवधू गांव के इस घर में रह रही थी। दो दिन पूर्व वह मायके चली गई। मौका पाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
गोहानी गांव निवासी द्वारिका सिंह अपनी पत्नी के साथ दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनका बेटा संतराम भी दिल्ली में ही पत्नी शांतिदेवी के साथ अलग रहता है और प्राइवेट नौकरी कर रहा है। शांतिदेवी कुछ दिनों से गांव में आकर रह रही थी। दो दिन पहले वह घर में ताला डालकर भिंड स्थित मायके चली गई। चोरों ने ताला तोड़ दिया और घर में घुसकर अलमारी व बक्सों से सोने की जंजीर, तीन अगूंठियां, चांदी की पायलें व साड़ियां और नगदी ले गए। सोमवार को पड़ोसी ने उनके घर का दरवाजा खुला देखा तो फोन पर सूचना दी। शांतिदेवी ने थाना में चोरी होने की तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उप निरीक्षक गंगादास गौतम ने मौके पर जाकर छानबीन की। उन्होंने कहा कि चोरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।