इंदौर की कंपनी ने कारोबारी
से ठगे 1.12 लाख रुपये
- तीन लोगों पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज, शेयर की खरीद फरोख्त की सेवा देने के बहाने की ठगी
अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। शहर के एक कारोबारी ने शेयर की खरीद फरोख्त की सलाह देने वाली इंदौर की एक कंपनी के तीन कर्मचारियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि कंपनी ने सेवा देने के बहाने कई बार में 1.12 लाख रुपये ठग लिए हैं।
नगर के बैरून कटरा साहब खां निवासी इलेक्ट्रानिक सामान विक्रेता शरद त्रिवेदी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उन्होंने शेयर की खरीद फरोख्त के लिए मनसुख स्टॉक ब्रोकर कंपनी में डीमेट अकाउंट खुलवाया था। इसके बाद इंदौर मप्र के रतनलोक कालोनी, विजयनगर में मौजूद बोनाज कैपिटल इंवेस्टमेंट एडवाइजर कंपनी के एक कर्मचारी शिवम ने कॉल किया। उसने बताया कि कंपनी की सेवा लेकर वह शेयर की खरीद फरोख्त करे। उसने दावा किया इससे उन्हें शत प्रतिशत फायदा होगा। चूंकि कंपनी का सेबी में रजिस्ट्रेशन है। इसलिए उन्होंने विश्वास किया और शिवम की मांग के अनुरूप 25 मई 2018 को अपने पीएनबी अकाउंट से 5074 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
तीन दिन बाद शिवम का फिर फोन आया। इसमें उसने कहा कि कंपनी तभी उनके काम करेगी जब वह कंपनी के बैंक खाते में 25 हजार रुपये जमा कर देंगे। कारोबारी शरद ने दो बार में यह रकम भी ट्रांसफर कर दी। इसके बाद कंपनी की रिसर्च हेड ने फोन किया। उसने सेवा देने के तौर 32 हजार की मांग रखी। 6 जून 2018 को यह रकम भी ऑनलाइन भेज दी। इसके बाद भी कंपनी ने कोई सेवा नहीं दी। इस पर कारोबारी शरद की कंपनी के सर्विस हेड से बात हुई। उन्होंने भी 25 हजार की मांग कर दी, कहा कि इसके बाद कंपनी की सेवा मिलेगी। 11 जून 2018 को उन्होंने यह रकम भी भेज दी। इसके बाद फिर से 25 हजार मांगे गए तो शरद ने विरोध किया। इस पर उनसे 12 हजार रुपये जमा करने को कहा गया। शेष 13 हजार रुपये सर्विस हेड ने खुद जमा करने का आश्वासन दिया।
इसके बाद भी कंपनी ने सेवाएं नहीं दी। संपर्क करने पर कंपनी ने शेष 13 हजार रुपये जमा करने को कहा। शरद ने यह बकाया रकम भी ऑनलाइन भेज दी। कुल 1.12 लाख रुपये कंपनी को ट्रांसफर करने के बाद भी सेवाएं नहीं मिली। उसके बाद शरद के फोन का उत्तर मिलना बंद हो गया। कंपनी की इस ठगी के खिलाफ कारोबारी शरद ने कोतवाली व मुख्यमंत्री पोर्टल पर साक्ष्यों के साथ शिकायत की। कारोबारी ने ऑडियो और ऑनलाइन किए पेमेंट की रसीदें सबूत के तौर पर पेश की हैं।
कारोबारी शरद ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने जब कोई कार्रवाई नहीं की तो गत बुधवार को उन्होंने एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया। इसके बाद कोतवाली में गत बुधवार को कंपनी के कर्मचारी शिवम समेत तीन लोगों के खिलाफ छल करके एक लाख 12 हजार रुपये हड़पने का रिपोर्ट दर्ज की गई। अब पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।