तार चोर गिरोह का सरगना
और पांच बदमाश गिरफ्तार
- बदमाशों में तार खरीदने वाला कबाड़ी भी, एक क्विंटल तार भी मिला
- कार, लोडर व चार तमंचे भी बरामद हुए हैं
अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। जसवंतनगर थाना पुलिस ने बुधवार रात सरगना व कबाड़ी समेत बिजली का तार चोरी करने वाले गैंग के छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास करीब एक क्विंटल तार, कार, लोडर, चार तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं। सरगना पर जसवंतनगर थाने में चोरी व आर्म्स एक्ट के सात मुकदमे दर्ज हैं।
एक सितंबर की रात को थाना क्षेत्र के धनुआ से दयालपुर गांव तक बिजली लाइन का तार चोर काटकर ले गए थे। बिजली विभाग के जेई मनोज चौहान ने तीन सितंबर को इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने तार चोरी करने वाले गैंग को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को एसपी सिटी रामयश सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में घटनाक्रम की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जसवंतनगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार बुधवार रात गश्त पर थे। पचपेड़ा सिघावली गांव की ओर से एक कार व लोडर आते दिखे। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो कार से फायर हुआ। पुलिस ने घेराबंदी करके जगसौरा जाने वाले मार्ग पर कार व लोडर में सवार लोगों को पकड़ लिया। इनके पास से चार तमंचे, कारतूस के अलावा तार काटने वाली आरी आदि सामान मिला है। लोडर में करीब एक क्विंटल बिजली का तार रखा मिला है।
एसपी सिटी ने बताया कि पूछताछ में इन चोरों ने गांवों के बीच बिजली लाइन का तार काटने की बात कबूली है। इनके खिलाफ थाने में चोरी का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार सभी लोग जसवंतनगर थाना क्षेत्र के हैं। इनमें गैंग सरगना विनोद कुमार उर्फ राहुल पुत्र प्रीतम सिंह निवासी ग्राम मोहब्बतपुर जसोहन, कार स्वामी ऋषि कुमार उर्फ कल्लू पुत्र तिलक सिंह निवासी तमेरा की मड़ैया, लोडर स्वामी रूप सिंह पुत्र हाकिम सिंह निवासी चक सलेमपुर, कबाड़ी/खरीदार लालजी पुत्र शांति प्रसाद निवासी रामलीला की मड़ैया, सुघर सिंह उर्फ छोटे पुत्र भागीरथ निवासी जसोहन बगिया और अजय कुमार पुत्र सोबरन सिंह निवासी गारमपुर शामिल हैं। एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा ने शातिर चोरों की गिरफ्तारी पर पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 15 हजार रुपये का इनाम दिया है।
इनसेट
सरगना विनोद है शातिर चोर
जसवंतनगर थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि गैंग का सरगना विनोद शातिर चोर है। इसके खिलाफ जसवंतनगर थाना में छह व एक सैफई समेत कुल सात मामले चोरी, गुंडा एक्ट, आर्म्स व पाक्सो एक्ट के दर्ज हैं। गैंग के सदस्य लालजी पर दो, अजय व ऋषि पर एक-एक मामला दर्ज है। यह गैंग काफी समय से वारदातें कर रहा था। गैंग के साथ पकड़ा गया कबाड़ी लालजी चोरी का तार खरीदता है। वह भी गैंग के साथ मौजूद था और तार को ठिकाने लगाने जा रहा था।