जसवंतनगर। बकरी व्यापारी को बाइक पर लिफ्ट देकर लुटेरों ने उसकी जेब से 50 हजार रुपये व मोबाइल फोन पार कर दिया। व्यापारी ने एक शातिर को पकड़ लिया, जबकि उसका बाइक सवार साथी रुपये लेकर भाग गया। कुछ देर बार पकड़ा गया शातिर भी बाइक छोड़कर फरार हो गया।
परसौआ गांव निवासी होम सिंह बकरी व्यापारी है। उन्होंने बताया कि वह कचौरा बाईपास स्थित बकरी बाजार में बकरियां बेचकर पैदल घर जा रहे थे। सेंट पीटर्स स्कूल के पास पहुंचते ही बाइक सवार दो युवक आए और बाजार जाने का रास्ता पूछा।
उसने रास्ता बताया तो बाइक सवार युवकों ने कहा कि वह भी बाइक पर बैठ जाए, उसे कचौरा गांव में उतार देंगे। वह उनके झांसे में आकर बाइक पर बैठ गया। इसी दौरान बाइक सवार शातिरों ने बस स्टैंड से पहले व्यापारी को उतार दिया। बाइक से उतरने पर जेब में रखे 50 हजार रुपये व मोबाइल फोन गायब मिला।
इस पर उसने पीछाकर बाइक में बैठे में एक शातिर को पकड़ लिया। उसके पास से व्यापारी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। उसका दूसरा साथी रुपये लेकर भाग निकला। कुछ देर बाद पकड़ा गया शातिर भी झटका देकर मौके से भाग निकला। लेकिन वह बाइक नहीं ले जा सका। सूचना पर पहुंची पुलिस ने व्यापारी व आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की।
थाना प्रभारी अमर पाल सिंह ने बताया कि बाइक नंबर व चेचिस नंबर के आधार पर बाइक मालिक की तलाश की जा रही है। दोनों शातिरों की तलाश के लिए घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है।