निवाड़ीकला। बकेबर थाना क्षेत्र के अहेरीपुर गांव की गोशाला में मंगलवार की रात कुछ लोगों ने घुसकर वहां गोवंशों की देखभाल करने वालों चार कर्मचारियों को मारापीटा। शोर मचाने पर हमलावर भाग गए। कर्मचारियों ने घटना की सूचना ग्राम प्रधान, सचिव व पुलिस को दी है।
अहेरीपुर स्थित गोशाला में राकेश, अमित, तारबाबू व रामकृष्ण गोवंशों की देखरेख के लिए नियुक्त है। मंगलवार रात काम खत्म करके यह लोग गोशाला में सो रहे थे। इन कर्मचारियों ने बताया कि रात लगभग 12 बजे पांच लोग गोशाला में घुस आए और राकेश पर हमला कर दिया।
बीच बचाव करने पर बाकी तीनों के साथ भी मारपीट की। शोर मचाने पर पांचों हमलावर भाग गए। कर्मचारियों ने ग्राम प्रधान, सचिव व पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कर्मचारियों से पूछताछ की। बुधवार को महेवा के पशु चिकित्साधिकारी डॉ.शरद यादव और पंचायत सचिव सौरभ ने गोशाला पहुंचकर कर्मचारियों से घटना की जानकारी कर रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा।