पुलिस लाइन में मौजूद गिरफ्तार बदमाश और बरामद स्कार्पियो के साथ खड़े एसएसपी आकाश तोमर व अन्य पुलि?
- फोटो : ETAWHA
इटावा। सिविल लाइन थाना पुलिस ने बुधवार को अंतरजनपदीय वाहन चोर गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार किए हैं। उनका एक साथी मौके से भाग गया। बदमाशों के पास से फर्जी नंबर प्लेट लगी दो मोटरसाइकिलें और नोयडा से चुराई स्कार्पियो गाड़ी बरामद की है। पुलिस ने तीनों बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दो बदमाशों के खिलाफ लूट और हत्या के प्रयास आदि कई मामले कानपुर देहात, फिरोजाबाद और औरैया जिलों में दर्ज हैं।
पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि आईजी के निर्देश पर पुराने अपराधियों की धरपकड़ का अभियान चल रहा है। इसी सिलसिले में सिविल लाइन थाना पुलिस लुहन्ना चौराहे पर वाहन व संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। तभी थाना पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली कि कुछ व्यक्ति लायन सफारी की ओर से चोरी के वाहन बेचने जा रहे हैं। सूचना के बाद दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन लोग आते दिखे। पुलिस ने रोका तो वह भागने लगे। दो लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। एक व्यक्ति भाग निकला। पकड़े गए दोनों लोग बाइक के कागजात नहीं दिखा पाए। उन्होंने कबूला कि मोटरसाइकिलें चोरी की गई हैं। फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेचने जा रहे थे। एसएसपी ने बताया कि पुलिस गिरफ्त में आए सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हरचंद्रपुरा गांव निवासी प्रवीन उर्फ मंगल पुत्र रणवीर सिंह और इसी थाना क्षेत्र के नगलाबाबा निवासी रविकांत पुत्र घनश्याम के अलावा भागे हुए साथी फिरोजाबाद जिले के फतेहपुर गांव निवासी सर्वेश पुत्र मुन्नीलाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपी सर्वेश की गिरफ्तारी के प्रयास हो रहे हैं।
इस दौरान एएसपी सिटी रामयश सिंह व सीओ सिटी वैभव पांडेय समेत सिविललाइन थानाध्यक्ष मदन गोपाल गुप्ता आदि मौजूद रहे।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की निशानदेही पर नोएडा (गौतमबुद्धनगर) जिला के सेक्टर 20 थाना क्षेत्र से गत 11/12 की रात चुराई गई स्कार्पियो गाड़ी पुराने चांदमारी स्थान पर झाड़ियों के बीच से बरामद हुई है। इसके अलावा अपाचे बाइक भी नोएडा के उसी थाना क्षेत्र से और दूसरी पल्सर बाइक फ्रेंड्सकालोनी थाना क्षेत्र से चोरी की गई हैं। इन तीनों गाड़ियों के चोरी होने की रिपोर्ट संबंधित थाना क्षेत्रों में दर्ज कराई गई है। इन बदमाशों ने एनसीआर क्षेत्र में कई अन्य जघन्य वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस रिकवरी व छानबीन के प्रयास में जुटी है। सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता ने बताया कि स्कार्पियो गाड़ी के बारे में जानकारी मिली है कि वह नोयडा के परी चौक से चुराई गई। रजिस्ट्रेशन व बीमा नई दिल्ली के बसंतकुंज निवासी किसी व्योंग रॉक पार्क के नाम है। यह कोई विदेशी व्यक्ति लग रहे हैं। फोन पर उनसे बात की तो वह हिंदी बोलने में असमर्थ रहे।